Home राज्य विदेश जाने वालों को अब नहीं लगाने होंगे दूसरे राज्यों के चक्कर,...

विदेश जाने वालों को अब नहीं लगाने होंगे दूसरे राज्यों के चक्कर, पटना में ही होंगे दस्तावेज सत्यापित

3
0

 पटना
 बिहार के लोगों को विदेश में इस्तेमाल होने वाले दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अब दूसरे राज्यों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ), पटना में विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से अपोस्टिल और अटेस्टेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है।

इससे उच्च शिक्षा, नौकरी, कारोबार, प्रवास और अन्य व्यक्तिगत व व्यावसायिक कार्यों के लिए विदेश जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

विदेश में प्रस्तुत किए जाने वाले भारतीय दस्तावेजों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के लिए अपोस्टिल और अटेस्टेशन की आवश्यकता होती है।

हेग कन्वेंशन 1961 के सदस्य देशों में दस्तावेजों के इस्तेमाल के लिए अपोस्टिल जारी किया जाता है, जबकि इस कन्वेंशन के सदस्य नहीं होने वाले देशों के लिए सामान्य अटेस्टेशन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

इस सुविधा के तहत शैक्षणिक और व्यक्तिगत, दोनों तरह के दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा सकेगा। शैक्षणिक दस्तावेजों में डिग्री, डिप्लोमा और स्कूल प्रमाणपत्र शामिल हैं।

वहीं, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र, शपथपत्र तथा पावर ऑफ अटार्नी जैसे व्यक्तिगत दस्तावेज भी इसके दायरे में आएंगे।

राज्य सरकार से पूर्व सत्यापन जरूरी
आवेदकों को दस्तावेज जमा करने से पहले, जहां लागू हो, संबंधित राज्य सरकार के नामित प्राधिकारियों से उनका पूर्व सत्यापन कराना होगा। इसके बाद अधिकृत सेवा प्रदाता के माध्यम से अपोस्टिल या अटेस्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आरपीओ पटना में यह सुविधा शुरू होने से बिहार के नागरिकों को दस्तावेजों के प्रमाणीकरण के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी।

विदेश मंत्रालय ने नागरिकों को प्रक्रिया, दिशा-निर्देश और अन्य जरूरी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.mea.gov.in/apostille-menu पर जाने की सलाह दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here