Home मध्य प्रदेश शराब पीने के बाद युवक के मुंह से निकला झाग, मौके पर...

शराब पीने के बाद युवक के मुंह से निकला झाग, मौके पर तोड़ा दम, दूसरा अस्पताल में भर्ती

7
0

सागर

 मोतीनगर थाना क्षेत्र के मछरयाई स्थित शराब दुकान परिसर में शनिवार शाम शराब पीने के बाद एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ शराब पीने वाला दूसरा व्यक्ति गंभीर हालत में मिला। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने शराब दुकान को सील कर दिया है और दुकान के गद्दीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मुंह से झाग निकलता मिला विष्णु, पास में अचेत मिला कमलेश

जानकारी के अनुसार मछरयाई निवासी 35 वर्षीय विष्णु पिता राजाराम खटीक शनिवार शाम करीब 5:30 बजे शराब दुकान परिसर में गंभीर अवस्था में मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। वहीं, उसके पास ही पुरब्याऊ स्थित जनता स्कूल क्षेत्र का निवासी कमलेश सोनी अचेत अवस्था में मिला।

बताया जा रहा है कि दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। सूचना मिलने पर दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया। कमलेश की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीएमसी रेफर कर दिया गया। वह फिलहाल अचेत अवस्था में है।

स्वजन ने बताई घटना की जानकारी

कमलेश की पत्नी राखी सोनी ने बताया कि दोपहर में कमलेश घर पर विवाद करने के बाद निकला था। इसके बाद वह शराब दुकान तक कैसे पहुंचा और वहां क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। मृतक विष्णु के भाई पप्पू ने बताया कि बाजार में किसी व्यक्ति ने उन्हें भाई की मौत की सूचना दी थी। विष्णु अविवाहित था और शराब पीने का आदी था।

पुलिस ने दुकान सील की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की जानकारी मिलने पर सीएसपी ललित कश्यप, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।

शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस शराब दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस ने वहां मिली शराब की खाली बोलतों को भी जब्त कर लिया है।

इसी बीच शनिवार शाम करीब सात बजे शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर एक अन्य युवक भी जिला अस्पताल पहुंचा। छतरपुर जिले के बकस्वाहा निवासी 36 वर्षीय दीप सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। इसी तनाव में उसने स्टेशन पथरिया स्थित शराब दुकान से लाल मसाला शराब पी थी।

इसके बाद दोपहर से उसे घबराहट और आंखों में जलन होने लगी। वह पहले पथरिया की एक क्लीनिक पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी आराम नहीं मिला तो सागर जिला अस्पताल आ गया। दीप सिंह स्टेशन पथरिया के पास स्थित सीमेंट फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड है। उसे बीपी की शिकायत भी है। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीएसपी ने उससे भी पूछताछ की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here