Home छत्तीसगढ़ राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे समारोह...

राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे समारोह की अध्यक्षता; राष्ट्रीय राजधानी में दिखेगी छत्तीसगढ़ की जनजातीय और सांस्कृतिक विरासत की झलक

9
0

रायपुर

भारत मंडपम में कल गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, राज्य दिवस पर पारंपरिक नृत्यों की होगी भव्य प्रस्तुतिभारत मंडपम में कल गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, राज्य दिवस पर पारंपरिक नृत्यों की होगी भव्य प्रस्तुति

देश की राजधानी में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार, 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं का भव्य प्रदर्शन करेगा। भारत मंडपम नई दिल्ली के एम्फी थिएटर-01 में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। शाम पांच बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल  रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

’छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुतियां होंगी’
         
इस सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य होंगे। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां शामिल हैं। इन लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, लोक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की जाएगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत की संगत में कलाकारों की प्रस्तुतियां दिल्ली के दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक दुनिया से रूबरू कराएंगी।

’बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ी सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, राउत नाचा, सुवा नृत्य,पंथी नृत्य होंगे प्रदर्शित’

         
 छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की विशेषता उसकी विविधता और सामुदायिक जीवन से जुड़ाव है। गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ी सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का प्रतीक है। गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों से जुड़े हैं। राउत नाचा छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। वहीं सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति, पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा और करमा नृत्य जनजातीय जीवन, प्रकृति तथा सामूहिक उल्लास का प्रतीक है।

’देश-विदेश से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है’
           
राज्य दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्रीगण, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, निगम- मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।

’छत्तीसगढ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर और विकास की संभावनाओं को एक साथ प्रदर्शित किया जा रहा है’
     
उल्लेखनीय है कि भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी देश-विदेश के आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर और विकास की संभावनाओं को एक साथ प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद विशेष आकर्षण हैं। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद प्रदेश की कृषि एवं वन संपदा की पहचान प्रस्तुत कर रहे हैं। चित्रकोट जलप्रपात का 3क् वर्चुअल रियलिटी अनुभव आगंतुकों को बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता से जोड़ रहा है। वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार, नए उत्पाद और व्यावसायिक पहल छत्तीसगढ़ में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की बढ़ती संभावनाओं को दर्शा रहे हैं।

’राज्य दिवस समारोह की प्रमुख जानकारी’

’ दिनांक: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
’ समय: शाम 5 बजे से
’ स्थान: एम्फी थिएटर-01, भारत मंडपम, नई दिल्ली
’ मुख्य अतिथि:  रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़
’ अध्यक्षता:  विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
’ प्रमुख प्रस्तुतियां: गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य मुख्य आकर्षण होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here