Home ट्रेंडिंग सरकारी नौकरी का मौका! IREL में ट्रेड्समैन ट्रेनी के 131 पदों पर...

सरकारी नौकरी का मौका! IREL में ट्रेड्समैन ट्रेनी के 131 पदों पर भर्ती, जानें आवेदन की तारीख

9
0

नई दिल्ली
आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड में नियुक्त होने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, कंपनी ने ट्रेड्समैन ट्रेनी के विभिन्न 131 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक विज्ञापन प्रकाशित करके रिक्तियों की घोषणा की है। आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड की ओर से जारी 131 रिक्तियों में ट्रेड्समैन ट्रेनी (फिटर) के 93, ट्रेड्समैन ट्रेनी (इलेक्ट्रीशियन) के 12, ट्रेड्समैन ट्रेनी (इंस्ट्रूमेंटेशन) के 6 और ट्रेड्समैन ट्रेनी (अटेंडेंट ऑपरेटर केमिकल प्लांट) के 20 पद शामिल हैं। ट्रेड्समैन ट्रेनी के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 19 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 नवंबर तक तय की गई है। जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि की शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ट्रेड्समैन ट्रेनी (फिटर) के लिए फिटर में आईटीआई/एनएसी, ट्रेड्समैन ट्रेनी (इलेक्ट्रीशियन) के लिए इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आईटीआई/एनएसी और वैध वैधानिक लाइसेंस, ट्रेड्समैन ट्रेनी (इंस्ट्रूमेंटेशन) के लिए इंस्ट्रूमेंटेशन व्यापार में आईटीआई/एनएसी, ट्रेड्समैन ट्रेनी (अटेंडेंट ऑपरेटर केमिकल प्लांट) के लिए अटेंडेंट ऑपरेटर (केमिकल प्लांट) में आईटीआई/एनएसी या रसायन विज्ञान के साथ इंटरमीडिएट/हायर सेकेंडरी जिसमें कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक हों, होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास किसी प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठान में दो वर्ष का अनुभव, जिसमें ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग (यदि कोई हो) शामिल है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 9 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (सीबीटी), कौशल परीक्षा (ट्रेड टेस्ट/कंप्यूटर प्रवीणता परीक्षा), दस्तावेज सत्यापन, रोजगार-पूर्व चिकित्सा जांच और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को एक वर्ष की प्रशिक्षण अवधि के दौरान 34,200 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे। वहीं, एक वर्ष की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद कैंडिडेट्स की सैलरी 22,000 से 88,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 354 रुपए तय की गई है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक/महिला/आंतरिक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here