Home मध्य प्रदेश प्रदेश में आज एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और विभागीय संस्थाओं...

प्रदेश में आज एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और विभागीय संस्थाओं में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

28
0

स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल देखरेख संस्थाओं और महिला आश्रय गृहों में होंगी विशेष गतिविधियाँ

भोपाल
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 30 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार 'विशेष अभियान 6.0' के अंतर्गत प्रदेश के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल देखरेख संस्थाओं, वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और शक्ति सदन में व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य विभागीय संस्थाओं को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है।

अभियान के अंतर्गत मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 से जुड़े जिला एवं परियोजना कार्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष साफ-सफाई की जाएगी। कार्यालयों और केंद्रों के सौंदर्यीकरण के लिए आकर्षक वॉल पेंटिंग, रंग-रोगन, आवश्यक मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। परिसर में अनुपयोगी एवं अव्यवस्थित स्थानों को व्यवस्थित कर उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। इसके अंतर्गत पौधरोपण, जैविक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और सुरक्षित निपटान जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

मिशन शक्ति एवं मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं, वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और शक्ति सदन में पानी की टंकियों की सफाई, शौचालयों का सैनिटाइजेशन तथा खिड़कियों की जालियों सहित संस्थागत परिसरों की विशेष साफ-सफाई की जाएगी। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चित्रकला और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। अभियान के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा।

स्वच्छता के साथ जनसमस्याओं के समाधान पर भी विशेष जोर
राज्य में 30 अक्टूबर को जनसमस्या निवारण दिवस के रूप में भी मनाया जाएगा। इस दौरान पोषण सेवाओं और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित शिकायतों के अधिकतम निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना है।

अभियान की प्रभावी निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को स्वच्छता कार्यों के पहले और बाद के छायाचित्र लेने तथा गतिविधियों का विवरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here