धनबाद
कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के कुल 48,588 पेंशनरों में से अब तक 26,039 पेंशनरों ने अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर दिया है। इस तरह कुल पेंशनरों में से 53.59 प्रतिशत पेंशनरों ने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि अभी भी 46.41 प्रतिशत पेंशनरों का लाइफ सर्टिफिकेट जमा होना बाकी है।
शेष पेंशनरों को प्रमाण पत्र जमा करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। निर्धारित समय तक प्रमाण पत्र जमा नहीं करने पर जनवरी महीने से संबंधित पेंशनरों की पेंशन राशि के भुगतान पर रोक लग सकती है।
संगठन की ओर से पेंशनरों को राहत देने के लिए डिजिटल और हार्ड कॉपी, दोनों माध्यमों से लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा दी गई है। पेंशनर अपनी सुविधानुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। खास बात यह है कि 30 नवंबर की समय सीमा तय की गई है।
जनवरी से पेंशन भुगतान पर लग सकती है रोक
कोयला खान भविष्य निधि संगठन की ओर से पेंशनरों को समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य है कि किसी भी पेंशनर की पेंशन केवल लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं होने के कारण बाधित नहीं हो।
निर्धारित समय सीमा तक प्रमाण पत्र जमा नहीं करने वाले पेंशनरों की जनवरी से पेंशन राशि का भुगतान रोका जा सकता है। इसलिए पेंशनरों को समय रहते इस प्रक्रिया को पूरा करने की सलाह दी गई है।
देशभर में लगाए जा रहे विशेष कैंप
पेंशनरों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सीएमपीएफओ की ओर से देशभर में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने और जमा करने में सहायता दी जा रही है।
विशेष रूप से बुजुर्ग पेंशनरों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें प्रमाण पत्र जमा करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़े।
शेष 46.41 प्रतिशत पेंशनरों से अपील
अब तक 53.59 प्रतिशत पेंशनरों द्वारा जीवन प्रमाण पत्र जमा किया जा चुका है। ऐसे में शेष 46.41 प्रतिशत पेंशनरों के सामने निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने की चुनौती है। संगठन की ओर से सभी शेष पेंशनरों से अपील की गई है कि वे 30 नवंबर तक अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जरूर जमा कर दें, ताकि जनवरी से उनकी पेंशन के भुगतान में किसी तरह की परेशानी उत्पन्न नहीं हो।
पेंशन मद में वेतन कटौती के बावजूद खाते में राशि जमा नहीं, प्रबंधन से जवाब मांगा
कोल इंडिया में कार्यरत कर्मचारियों की पेंशन को लेकर कोल इंडिया आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन ने गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन ने 18 नवंबर को लिखे पत्र में कहा है कि वेतन से पेंशन मद में काटी गई राशि, प्रबंधन के अंशदान और अर्जित ब्याज का नियुक्ति तिथि से अद्यतन वार्षिक विवरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र के अनुसार नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में कई कर्मचारियों के वेतन से नियमित कटौती के बावजूद कोयला खान भविष्य निधि संगठन के खातों में कई महीने या वर्षों तक राशि जमा नहीं हुई। ऐसा मामला सामने आया है।
इससे सेवानिवृत्ति के समय कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी हो रही है। पुराने वेतनमान से नए वेतनमान में बदलाव के बाद भी कई परियोजनाओं में अंशदान की दर संशोधित नहीं की गई। संगठन ने प्रत्येक वित्तीय वर्ष के अंत में कर्मचारियों को पूरा हिसाब देने और सभी परियोजनाओं में व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की है।






