Home मध्य प्रदेश MP Cyber Crime: ग्वालियर के होटल से संचालित हो रहा था फर्जी...

MP Cyber Crime: ग्वालियर के होटल से संचालित हो रहा था फर्जी कॉल सेंटर, अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों की ठगी का खुलासा

53
0

 ग्वालियर
 मध्य प्रदेश में ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना कस्बा स्थित एक होटल के कमरे से अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था।

इस गिरोह से जुड़े लोग स्वयं को अमेरिका की एक फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताकर अमेरिकी नागरिकों को लोन दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद सुरक्षा सत्यापन और प्रोसेसिंग के नाम पर बैंकिंग जानकारी और इंटरनेशनल गिफ्ट वाउचर हासिल करके उनसे ठगी करते।

पुलिस ने इस नेटवर्क का राजफाश करते हुए होटल से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटाप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण बरामद किए हैं। सभी आरोपित पिछले पांच माह से होटल में रहकर इस ठगी को अंजाम दे रहे थे।

मोहना थाना पुलिस ने होटल जैनपथ में क्रिकेट सट्टा संचालित होने की सूचना पर छापा मारा था। यहां एक कमरे की तलाशी के दौरान चार युवक मिले। उनसे पूछताछ में पता चला कि यहां क्रिकेट सट्टा नहीं, बल्कि इंटरनेशनल साइबर फ्राड का कॉल सेंटर चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में अहमदाबाद के वटवा के अभिषेक राजकुमार राजपूत (26), अहमदाबाद के घोड़ासर के शिवेंद्र नरेंद्र सिंह उर्फ राजन परिहार (31), नगालैंड के दीमापुर के शुभोम घोष और उत्तर प्रदेश के झांसी शहर के आर्यन उर्फ लाला राजपूत (20) हैं।

लेंडिंग क्लब का एजेंट बताकर ऐसे करते थे ठगी-पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित स्वयं को अमेरिका की लेंडिंग क्लब नामक कंपनी का एजेंट बताकर अमेरिकी नागरिकों से जूम एप पर आनलाइन संपर्क करते। उन्हें लोन स्वीकृत कराने का भरोसा देते।

पीड़ितों से सोशल सिक्योरिटी नंबर और बैंकिंग डिटेल ले लेते। इसके बाद वेरिफिकेशन या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर गूगल प्ले, एप्पल, अमेरिकन एक्सप्रेस, बेस्ट बाय, वनीला वीजा सहित विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट वाउचर मंगवाते। गिफ्ट वाउचरों को अधिकृत आनलाइन प्लेटफार्म से भारतीय मुद्रा में बदल लेते थे।

मामले में ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रकम मिलने के बाद पीड़ितों के कॉल और संदेशों का जवाब देना बंद कर देते। पुलिस के अनुसार, आरोपित अपना अमेरिकी नाम बताकर संपर्क करते थे। कोट-आशंका है कि इस गिरोह ने अमेरिका के सैकड़ों नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया होगा। इस गिरोह में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here