Home राज्य लखनऊ समेत यूपी के 750 किमी हाईवे होंगे दुरुस्त, सफर होगा आरामदायक

लखनऊ समेत यूपी के 750 किमी हाईवे होंगे दुरुस्त, सफर होगा आरामदायक

9
0

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग की सड़कों पर चलते वक्त जर्क न लगे, गड्ढे में कार का पहिया पड़ने पर वाहन का संतुलन न बिगड़े और राष्ट्रीय राजमार्ग व एक्सप्रेसवे पर चलने के दौरान बेहतर महसूस हो, इसके लिए एनएचएआइ नब्बे दिन की ड्राइव शुरू की है।

'लुक एंड फील' नाम से शुरू की गई ड्राइव के अंतर्गत राजमार्गों पर इसका असर दिखने लगा है। लखनऊ परिक्षेत्र में करीब 750 किलोमीटर तक यह ड्राइव चलाई जाएगी। इस ड्राइव के अंतर्गत साइनेज बोर्ड, ब्लिंकर, क्रैश बैरियर, मार्ग प्रकाश, राजमार्ग के किनारे शोल्डर की सफाई, फुट ओवर ब्रिज का रंग रोगन के साथ ही मूलभूत सुविधाएं जो राजमार्ग पर संचालित हैं, उन्हें भी दुरुस्त किया जाएगा।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के परियोजना निदेशक नवरतन के मुताबिक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय इस तरह की ड्राइव पहली बार चला रहा है, उद्देश्य है कि ऐसे ड्राइव से समय-समय पर राजमार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर किया जा सके।

लखनऊ परिक्षेत्र में राजधानी के चारों ओर बनी 105 किलोमीटर की आउटर रिंग रोड पर ''लुक एंड फील'' का काम तेजी से चल रहा है। यहां बने पांच फुटओवर ब्रिज का रंग-रोगन करने के साथ ही छह किलोमीटर पर डामरीकरण का काम किया गया है।

इसी तरह लखनऊ से अयोध्या, लखनऊ से सुलतानपुर, लखनऊ से रायबरेली, लखनऊ से कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी चरणबद्ध तरीके से राजमार्ग पर काम शुरू कर दिया गया है।

परियोजना निदेशक के मुताबिक ड्राइव के पीछे उद्देश्य है कि सफर के दौरान यात्री बेहतर महसूस करे, इसी क्रम में पौधारोपण का काम भी किया गया है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे इसका उदाहरण है, जहां 46 हजार से अधिक वृक्ष वन विभाग की मदद से लगाए गए हैं और आने वाले चंद सालों में यह वृक्ष बड़े हो जाएंगे और हरियाली काफी हो जाएगी। यह अभियान अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से शुरू किया गया था जो 13 जनवरी तक चलेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here