Home राज्य रांची रथयात्रा मेले के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान, कई मार्गों पर नो-एंट्री

रांची रथयात्रा मेले के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान, कई मार्गों पर नो-एंट्री

9
0

रांची
जगन्नाथपुर रथयात्रा और मेले को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्ट, नो-एंट्री और पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. रथयात्रा 16 जुलाई को निकलेगी, जबकि 25 जुलाई को रथ वापसी (घुरती मेला) के साथ इसका समापन हो जायेगा.

ट्रैफिक रूट में कैसे किया गया है बदलाव
ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह के अनुसार, बिरसा चौक से मेले में जानेवाले लोग अपने वाहन शहीद मैदान में पार्क करेंगे. तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की ओर से आनेवाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है. रिंग रोड से मेला या शहर की ओर आनेवाले भारी व हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए अपने गंतव्य तक जायेंगे. तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.

यातायात व्यवस्था के तहत तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तथा प्रभात तारा मैदान के मुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और बाइक का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. बिरसा चौक से रिंग रोड जानेवाले वाहनों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होकर भेजा जायेगा. एचइसी और विधानसभा की ओर से रिंग रोड जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किये गये हैं. इसी तरह रिंग रोड से शहर आने वाले वाहनों को धुर्वा गोलचक्कर, चांदनी चौक, सिंह मोड़ और बिरसा चौक होते हुए शहर की ओर भेजा जायेगा.

ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन लेकर न जायें. आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से डायवर्जन और वाहनों को रोका जा सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here