Home राज्य जयमाला के वक्त दूल्हे के सामने दुल्हन पर गोली चलाने वाला सनकी...

जयमाला के वक्त दूल्हे के सामने दुल्हन पर गोली चलाने वाला सनकी आशिक, यूपी से आई बारात में मची अफरा-तफरी

8
0

बक्सर
बक्सर के चौसा में खुशियों भरा शादी का माहौल उस वक्त मातम और दहशत में बदल गया, जब 'जयमाला' की रस्म के दौरान एक सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को गोली मार दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मुफस्सिल थाना क्षेत्र का यह मामला है. यहां चौसा नगर पंचायत में एक शादी समारोह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. दरअसल उत्तर प्रदेश के बलिया से आई बारात के बाद जब दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर एक-दूसरे को वरमाला पहना चुके थे, तभी दुल्हन के प्रेमी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोली सीधे दुल्हन को लगी, जिसके बाद वह स्टेज पर ही गिर पड़ी.

बारात यूपी के बलिया जिले से बक्सर के चौसा आई थी. द्वारपूजा के बाद जयमाला की रस्म शुरू हुई. दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर खड़े थे, रिश्तेदार फोटो खिंचवा रहे थे और हंसी-खुशी का माहौल था. इसी बीच भीड़ में मौजूद प्रेमी अचानक करीब पहुंचा और पिस्टल निकालकर सीधे दुल्हन पर गोली चला दी.

गोली चलते ही वहां भगदड़ मच गई. इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया. 

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
गोली लगने के बाद खून से लथपथ दुल्हन को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और शादी की रस्में बीच में ही रुक गई हैं.

वायरल वीडियो और पुलिस की कार्रवाई
वारदात का एक वीडियो सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे जयमाला के जश्न के बीच अचानक गोली चलती है और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं.

मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम का बताया जा रहा है. आरोपी युवक दुल्हन का परिचित बताया जा रहा है जो इस शादी से नाराज था.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here