राज्य

दौसा में बदमाशों ने लिफ्ट देने के बहाने महिला को लूटा

दौसा.

राजस्थान के दौसा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में बदमाश इतने बैखौफ हो चुके हैं कि इलाके में बड़ी से बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। वहीं, पुलिस सांप निकलने के बाद लकीर पीटती रह जाती है। ताजा मामले में बदमाशों ने एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बिठाया और बाद में लूट कर महिला को उतार कर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे एक महिला को बदमाशों ने लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठा लिया। फिर उसके गहने लूट कर उसे मानपुर थाने के पास छोड़कर फरार हो गए। उसके बाद से मानपुर थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

इस घटना से तीन दिन पहले मानपुर थाना इलाके में बदमाश एक कार में आए और होमगार्ड के जवान पर वाहन चढ़ाते हुए फरार हो गए थे। अब बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला दिल्ली के सरोजनी नगर थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल की पत्नी हैं। वह अपने पति के पास दिल्ली जाने को घर से निकल कर बालाजी मोड़ पर बस का इंतजार कर रही थीं। उसी दौरान एक सफेद रंग की कार में तीन युवकों ने उन्हें लिफ्ट देने की बात कही।

उनमें से एक युवक ने अपने आपको पुलिस में तैनात बता स्टाफ में होने दावा किया। वहीं, दूसरे युवक ने अपने आपको फौजी स्टाफ कहकर महिला को कार में बैठाकर रवाना हो गए। फिर चलती कार में महिला के गहने उतरवा कर लूट लिया। इसके बाद महिला को मानपुर थाना क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने मानपुर थाने पहुंचकर पुलिस को आप बीती सुनाई। इस पर पुलिस ने महिला को मेहंदीपुर बालाजी थाना इलाके का हवाला दिया। लेकिन करीब पांच घंटे का सफर कर पीड़िता का पति दिल्ली से मानपुर थाना पहुंचा। फिर उसने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। अब पुलिस महिला के बयानों के आधार पर गाड़ी की तलाश और वारदात की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button